Home / Updates / पहले महिला से यौन उत्पीड़न, अब नाबालिग से रेप का आरोप: यश दयाल की मुश्किलें बढ़ीं, करियर पर संकट!

पहले महिला से यौन उत्पीड़न, अब नाबालिग से रेप का आरोप: यश दयाल की मुश्किलें बढ़ीं, करियर पर संकट!

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज और आईपीएल 2025 के चैंपियन यश दयाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार कारण बेहद गंभीर है। जयपुर में उन पर एक 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार का आरोप लगा है। यह नया मामला तब सामने आया, जब यश पहले से ही गाजियाबाद में एक महिला द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे थे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने हाल ही में गाजियाबाद मामले में यश की पुलिस हिरासत पर रोक लगाई थी। लेकिन जयपुर का यह ताजा मामला उनके लिए और मुश्किलें खड़ी कर सकता है। खबरों के मुताबिक, सांगानेर सदर थाने में नाबालिग लड़की ने यश के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि यश ने क्रिकेट में बेहतर करियर का लालच देकर इस लड़की का दो साल तक शोषण किया।

यश दयाल की बढ़ती मुसीबतें

सांगानेर सदर थाने के SHO अनिल जायमन ने बताया कि पीड़िता का यश से क्रिकेट के जरिए संपर्क हुआ था। आरोप है कि करीब दो साल पहले, जब लड़की नाबालिग थी, यश ने उसे क्रिकेट में करियर बनाने का झांसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया। खबरों में यह भी कहा गया कि आईपीएल 2025 के दौरान जयपुर में राजस्थान रॉयल्स (RR) और आरसीबी के बीच हुए मैच के समय यश ने पीड़िता को सिटापुरा इलाके के एक होटल में बुलाया और फिर से उसका शोषण किया। लंबे समय तक डर, भावनात्मक दबाव और शारीरिक-मानसिक उत्पीड़न सहने के बाद आखिरकार पीड़िता ने 23 जुलाई, 2025 को थाने में शिकायत दर्ज की।

जयपुर पुलिस ने बताया कि चूंकि पहली घटना तब हुई थी, जब पीड़िता 17 साल की थी, इसलिए यश के खिलाफ POCSO एक्ट, 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अगर यश दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि POCSO एक्ट के तहत मामलों की सुनवाई बहुत सख्ती से होती है और इसमें लंबी जेल की सजा हो सकती है।

रिपोर्ट:- कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now