महिला के उत्पीड़न से तंग आकर बाप बेटे ने जहर खा दी जान! कर्ज के लिए बार-बार ….

गाजियाबाद स्थित लोनी बॉर्डर की उत्तरांचल कॉलोनी में कर्ज से परेशान कपड़े की फेरी लगाने वाले सुधीर जैन (53) और उनके बेटे आशु जैन (26) ने बुधवार रात बेहटा-हाजीपुर के बंद फाटक पर जहर खा लिया। जांच में आया कि आशु ने ताऊ के लड़के को फोन करके पिता संग जहर खाने की बात कही थी। वह दूसरे भाई को लेकर मौके पर पहुंचे और दोनों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात में दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक के पास से एक पर्ची मिली है। उसमें कई लोगों से कर्जा लेने पर परेशान रहने की बात लिखी है। भतीजे ने मृतक के मामा की पुत्रवधू पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा कराया है।

सुधीर जैन बेटे आशु के साथ कॉलोनी में बिल्लू के मकान में एक साल से किराए पर रहते थे। दोनों बेहटा हाजीपुर में बंद फाटक पर कपड़ों की फेरी लगाते थे। बेटी कीर्ति की शादी हो चुकी है। बुधवार रात करीब आठ बजे दोनों ने कपड़ों की फेरी के पास जहर खा लिया था। इस बीच आशु ने अपने ताऊ के लड़के विकास को फोन कर जहर खाने की बात कही।इसे सुनकर उनके होश उड़ गए। वह घर में अन्य परिजनों को सूचना देकर तुरंत एक भाई के साथ दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। वहां भाई और चाचा के मुंह से झाग निकलते देखे। दोनों को अन्य लोगों की मदद से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया लेकिन दोनों की हालत गंभीर थी। देर रात में दोनों की मौत हो गई। इस खबर से घर में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

गुरुवार सुबह 11 बजे भतीजे अंकित लोनी बॉर्डर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। अधिकारी हरकत में आए और तुरंत अस्पताल व घटनास्थल के अलावा मृतकों के घर पहुंचे। पुलिस ने सुधीर के फोन को कब्जे में लेकर जांच की जिसमें पता चला कि उन्होंने करीब 20-25 लोगों से अलग-अलग मद में कई लाख रुपये कर्जा ले रखा था। लोग पैसों के लिए तकादा कर रहे थे। इससे परेशान होकर दोनों ने जहर खाकर जान दे दी थी। पुलिस को सुधीर के पास से एक पर्ची भी मिली जिसमें लिखा था कि मैंने कई लोगों से कर्जा ले रखा था, मैं कर्जे से परेशान हो गया हूं। लोनी पुलिस अब दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतेजार कर रही है।

Share
Now