लगातार बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद होना शुरू! मौसम कुछ दिन और ऐसा ही! आज ओलावृष्टि की संभावना…..

मौसम खुलने की बाट जोह रहे किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। रविवार रात से ही बारिश शुरू हो गई और सोमवार को भी प्रदेश भर में जमकर पानी बरसा। कई जगह ओले भी गिरे। नतीजा यह रहा कि खूब फसलें बर्बाद हुईं। गेहूं और सरसों पर तो सबसे ज्यादा इस मौसम का प्रभाव पड़ा है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार का कहना है कि अभी मौसम ऐसा ही रहेगा। उधर, प्रदेश सरकार ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6.4 मिमी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2.3 मिमी पानी बरसा। सबसे ज्यादा 66 मिमी बारिश बहराइच में हुई।

मौसम किसानों को खूब रुला रहा है। बिना मौसम के तीसरे दिन लगातार बारिश ने किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। बारिश के साथ हवा चली तो खास तौर से गेहूं की फसल गिर गई। सरसों को भारी नुकसान हुआ। ओले भी गिरे। इससे प्रदेश के सभी हिस्सों में नुकसान हुआ है। मध्य उप्र में रात से ही बारिश शुरू हो गई तो पश्चिमी उप्र के विभिन्न जिलों में दोपहर से बादल बरसना शुरू हो गए। पूर्वी उप्र में भी खूब बारिश हुई। इस बारिश से खेतों में जल भराव भी होने लगा है। जहां किसानों ने गेहूं कटाई शुरू कर दी है वहां फसल खेत में ही पड़ी रह गई और पानी भर गया। साथ ही जलभराव से लौकी, तौरी जैसी सब्जियां गलनी शुरू हो जाएंगी। आलू की खोदाई पर ब्रेक लग गया है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक यह बारिश फसलों के लिए बेहद नुकसान दायक है।

Share
Now