Join Us

पूरे देश में मनाया जा रहा डॉक्टर दिवस….

आज भारत में डॉक्टर दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर डॉक्टरों को सलाम किया और कहा कि ,”पूरा देश हमारे डॉक्टरों को सलाम करता है जो कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे खड़े है ।” वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने भी डॉक्टरों को राष्ट्र को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कार्यो को सलाम किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो ट्वीट में कहा, “मां हमें जन्म देती है तो कई बार डॉक्टर हमें पुनर्जन्म देता है।कोरोना संकट की इस घड़ी में अस्पतालों में सफेद कपड़ो में दिख रहे डॉक्टर-नर्स, ईश्वर का ही रूप हैं। खुद की परवाह न करते हुए, ये हमे बचा रहे है। अगर कोई इनके साथ बुरा बर्ताव करता दिखे तो आप वहां जाकर लोगों को समझाएं। डॉक्टर, नर्स, मेडिकल स्टाफ हमारी जिंदगी बचाते हैं और हम उनका ऋण कभी नहीं उतार सकते। ये हम सबका दायित्व है की जो लोग देश की सेवा करते हैं, देश के लिए खुद को खतरे में डालते हैं, उनका सार्वजनिक सम्मान हर पल होते रहना चाहिए।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा, “डॉक्टर दिवस पर, मैं हमारे बहादुर डॉक्टरों को सलाम करता हूं, जो कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहे हैं। इस चुनौतीपूर्ण समय में राष्ट्र को सुरक्षित और स्वस्थ रखने के लिए उनकी पूरी प्रतिबद्धता वास्तव में असाधारण है। राष्ट्र उनकी भक्ति और बलिदान को सलाम करता है।”

वहीं उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने देशभर के डॉक्टरों को उनकी मानवता और नि: स्वार्थ सेवा के लिए शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बी सी रॉय को श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति ने डॉक्टर दिवस पर एक के बाद एक कई ट्वीट किए। इसमें उन्होंने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बीसी रॉय को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने भारत में चिकित्सा क्षेत्र के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया।”

Share
Now