लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों एवं विभिन्न संचालित योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, नामांकन, आधारभूत सुविधाओं तथा विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का समयबद्ध तरीके से निराकरण कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुचारू रहे और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के विद्यालयों की नियमित समीक्षा करने तथा शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सरकार की शैक्षणिक योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचे। शिक्षा विभाग से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करें।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रेम झा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री शुभम कुमार, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।









