बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को सफल बनाने एवं मतदाता सहभागिता को बढ़ाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार, बांका में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतदाताओं को जागरूक करने हेतु SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम है, वहां चुनावी पाठशाला एवं मतदाता जागरूकता क्लब का गठन किया जाए। नोडल पदाधिकारी (SVEEP) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रभावी कार्ययोजना तैयार किया जाए।
युवाओं एवं प्रथम बार मतदाता बनने वालों को मतदान का महत्व समझाने पर विशेष बल दिया गया। इसके लिए रैलियाँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद प्रतियोगिता, रचनात्मक पोस्टर एवं निबंध लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
विशेष रूप से कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में इस अभियान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया, ताकि आगामी चुनाव में मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके।
बैठक के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी एवं पुलिस कप्तान, बांका द्वारा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। तत्पश्चात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने मतदाता जागरूकता सेल्फी अभियान में भाग लिया और मतदान के प्रति जनसामान्य को प्रेरित करने का संकल्प लिया।
अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी ने सभी निर्वाचकों से अपील की कि आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने हेतु अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।।








