समग्र शिक्षा सभागार, बांका में निपुण बिहार मिशन (FLN लक्ष्य) की प्राप्ति हेतु “पीयर लर्निंग अप्रोच” पर एक जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी देव नारायण पंडित ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा पदाधिकारी देव नारायण पंडित एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा राजकुमार राजू द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
मौक़े पर निपुण बिहार से संबंधित गाइडबुक का विमोचन जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यशाला में निपुण बिहार मिशन के लक्ष्यों को विद्यालय स्तर पर सुदृढ़ रूप से लागू करने के लिए Peer Learning विधि को अपनाने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों एवं प्रखंड लेखापालों का उन्मुखीकरण कर उन्हें पीयर लर्निंग की प्रक्रिया, महत्व तथा कार्यान्वयन की रूपरेखा से अवगत कराया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री पंडित ने अपने संबोधन में सभी उपस्थित अधिकारियों को निपुण लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय स्तर तक मिशन की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा ने ब्लॉक साधन सेवियों से मिशन की गंभीरता को समझते हुए उसके क्रियान्वयन की गति तेज करने की अपील की।
कार्यशाला का आयोजन इंवाल्व लर्निंग सोल्यूशंस फ़ाउंडेशन एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्वालिटी कोऑर्डिनेटर मनोहर कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी धोरैया, इन्वॉल्व संस्था से चन्द्र प्रताप, बंटी कुमार, अविनाश कुमार एवं सोनी झा भी उपस्थित रहे।
इंवाल्व लर्निंग सोल्यूशंस फ़ाउंडेशन ने जिले में निपुण बिहार मिशन को गति प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल प्रस्तुत की।
मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।






