नई दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमलों के मुद्दे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने आप कार्यकर्ताओं पर हुए कई हमलों का उल्लेख किया है और चुनाव आयोग से मांग की है कि नई दिल्ली विधानसभा में स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग को आप कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, और जो पुलिसकर्मी इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें तुरंत निलंबित किया जाए। केजरीवाल ने यह भी आग्रह किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करने वालों के खिलाफ तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमलों के संदर्भ में भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की लहर चल रही है और भाजपा इस लहर में बुरी तरह से हार रही है। अपनी हार को देख भाजपा नेता अमित शाह और पार्टी के अन्य सदस्य बौखला गए हैं और दिल्ली में गुंडागर्दी फैलाने में लगे हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने दिल्ली पुलिस को यह निर्देश दिया है कि भाजपा के गुंडों के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए।
लोगों से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा कि यदि दिल्ली में कहीं भी गुंडागर्दी होती हुई दिखाई दे, तो लोग उसका वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करें, लेकिन इस दौरान अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें। उन्होंने आगे कहा कि अब दिल्ली में भाजपा की गुंडागर्दी के खिलाफ लोग एकजुट होंगे।
रिपोर्ट:- कनक चौहान