देहरादून में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे कोर्ट परिसर को एहतियातन खाली करा लिया गया।
उत्तराखंड की राजधानी में स्थित दून जिला न्यायालय को मिली इस धमकी के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्राथमिक जांच में धमकी के पीछे पाकिस्तान कनेक्शन का संदेह जताया जा रहा है। जांच एजेंसियां कॉल और डिजिटल इनपुट के जरिए धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। साथ ही, कोर्ट में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह की अफरातफरी की स्थिति न बने।
इस घटना के बाद देहरादून में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील कर रहा है।






