Home / News / नर सेवा ही नारायण सेवा का यथार्थ करती दीनदयाल रसोई करेली

नर सेवा ही नारायण सेवा का यथार्थ करती दीनदयाल रसोई करेली

जन्मदिन, वर्षगांठ और शुभ अवसर अब समाजसेवा से जुड़कर बन रहे हैं यादगार

रिपोर्ट – समीरज जैन

करेली- नगर पालिका परिषद करेली द्वारा संचालित दीनदयाल रसोई जरूरतमंदों के लिए न केवल सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने का केंद्र है, बल्कि यह समाज सेवा और पुण्य कार्य का प्रेरणादायक अभियान बन चुकी है। “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करते हुए यह रसोई नगर के मध्य राम वार्ड सोमवार बाजार स्थित संजीवनी क्लीनिक के बाजू में लगातार जरूरतमंदों का सहारा बनी हुई है।

शुरुआत से ही नगर के सामाजिक सरोकार रखने वाले लोग इसमें सहयोग करते हुए या तो स्वयं जरूरतमंदों को भोजन करा रहे हैं या भोजन की व्यवस्था में अपना योगदान दे रहे हैं। यह क्रम समाज में सेवा और सहयोग की एक नई परंपरा स्थापित कर रहा है।

इसी श्रंखला में आज दिनांक 30 अगस्त 2025, शनिवार को नगर पालिका करेली में कार्यरत रोहित नामदेव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर दीनदयाल रसोई में सहयोग कर जरूरतमंदों को भोजन कराया। जन्मदिन जैसे निजी उत्सव को समाजहित और सेवा कार्य से जोड़कर उन्होंने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा-

“मेरे लिए जन्मदिन तभी सार्थक है जब इसका आनंद किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान बनकर झलके। दीनदयाल रसोई ने मुझे यह अवसर दिया।”

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा- “ वास्तविक उत्सव वही है, जिसमें जरूरतमंद भी सम्मिलित हों। यह पहल करेली को नई दिशा दे रही है।”

शुभ अवसर अब समाजसेवा से जुड़ रहे जैसे-जैसे नागरिकों को दीनदयाल रसोई की इस सेवा भावना की जानकारी मिल रही है, वैसे-वैसे लोग अपने विशेष अवसरों – चाहे वह जन्मदिन हो, वैवाहिक वर्षगांठ हो, परिजनों की पुण्य स्मृति हो या कोई अन्य उत्सव – को सार्थक बनाने के लिए आगे आ रहे हैं और जरूरतमंदों को भोजन कराकर समाज सेवा का हिस्सा बन रहे हैं।

यह पहल न केवल शहर को नई सोच और दिशा दे रही है बल्कि आपसी भाईचारा, करुणा और मानवीयता की भावना को भी प्रबल कर रही है।

नगर पालिका परिषद की अपील
नगर पालिका परिषद करेली ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने शुभ अवसरों को दीनदयाल रसोई से जोड़ें और जरूरतमंदों को भोजन कराकर अपने उत्सव को आनंद, उमंग और उल्लास से भरकर सार्थक बनाएं।

[post-views]
Share
Now