खतरनाक वारदात! इंश्योरेंस क्लेम के लिए मां ने प्लान बनाकर बेटे का करवाया कत्ल

जयपुर में एक मां ने अपने बेटे की ही हत्या कर दी। इस हत्या का प्लानिंग मां करीब 10 दिन से कर रही थी। हत्या कहां, कैसे और कौन करेगा? पूरी प्लानिंग मां ने पहले ही की। मां अपने बेटे की गंदी हरकतों से परेशान हो चुकी थी। साथ ही सोचा बेटे की मौत हो जाएगी तो कर्जा माफ हो जाएगा। क्लेम मिलेगा, वो अलग। इसी के तहत पहले बेटे की हत्या करवाई। फिर उसका शव हाईवे पर पिकअप के नीचे फेंक दिया। मां समेत कुल छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

एडिशनल कमिश्नर (फर्स्ट) कैलाश चन्द्र बिश्नोई ने बताया कि 25 फरवरी की रात आमेर थाना पुलिस हाईवे पर गश्त कर रही थी। रात करीब 1:15 बजे दिल्ली हाईवे पर राजस्थली रिसॉर्ट के पास एक युवक का शव मिला। हाईवे के साइड रोड पर पड़ी लाश की जांच की गई। पुलिस को समझते देर न लगी कि घटना को एक्सीडेंट दिखाने के लिए शव फेंका गया है। युवक की पहचान कमलेश अटल (35) निवासी कुंडा कुकस के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए CHC आमेर भिजवाया। पुलिस ने FSL टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए।

शराबी बेटे से मां थी परेशान
एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ-1) सुमन चौधरी ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि कमलेश अटल इलेक्ट्रिशियन था। काफी समय पहले करंट लगने से वह छत से नीचे गिर गया था। इसके बाद कमर से नीचे के हिस्से में पैरालिसिस हो गया था। कमलेश शराब का आदी था। घरवालों-बच्चों को कमलेश परेशान करने लगा। करीब 2 साल पहले उसकी पत्नी ने कमलेश से परेशान होकर सुसाइड कर लिया था। कमलेश अपनी मां मां प्रेम देवी, बहन-भाई और बेटा-बेटी के साथ यहां रहता था। शराबी बेटे कमलेश की हरकतों से उसकी मां परेशान थी। शराब पीकर मां-बहन को परेशान करने के साथ कई बार गंदी हरकतें कर चुका था।

किराएदारों के साथ मिलकर बनाया मर्डर प्लान
ACP (आमेर) चंद्र सिंह रावत ने बताया कि मां प्रेम देवी ने किराएदार सन्नी और ज्ञान सिंह के साथ करीब 10 दिन पहले बेटे कमलेश की हत्या का प्लान बनाया। इसके तहत दिल्ली रोड स्थित फॉर्म हाउस में कमलेश निपटाने की बात हुई। कमलेश अक्सर उस फॉर्म हाउस में जाता रहता था। इसलिए वहां आसानी से ले जाकर उसको मारा जा सकता था। 25 फरवरी की दोपहर कमलेश फॉर्म हाउस पर गया। उसके पीछे-पीछे किराएदार सन्नी और ज्ञान सिंह भी पहुंच गए। दोनों किराएदारों ने उसे दिनभर शराब पिलाई। कमलेश को शराब के नशे में पूरी तरह धुत कर दिया।

हाथ-पैर पकड़ कंबल से रोक दी सांसें
रात करीब 11:30 बजे मास्टरमाइंड मां प्रेम देवी, अपने देवर विरेन्द्र और परिचित सुरेश रैगर की पिकअप गाड़ी से दिल्ली रोड स्थित फॉर्म हाउस पहुंची। पिकअप में ड्राइवर सुरेश रैगर को छोड़कर मां प्रेम देवी और चाचा विरेन्द्र वहां बने कमरे में गए। कमलेश के साथ कमरे में किराएदार सन्नी और ज्ञान सिंह मौजूद थे। मां प्रेम देवी और चाचा विरेन्द्र ने नशे में धुत कमलेश के पैर पकड़ लिए। सन्नी और ज्ञान सिंह ने कमलेश के मुंह पर कंबल डालकर उसके नाक-मुंह को दबाकर मार डाला। इस दौरान किराएदार सन्नी की पत्नी रानी कमरे के गेट के बाहर खड़ी होकर देखती रही।

Share
Now