Home / News / बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद: खगड़िया में युवक पर चाकू से हमला, सड़क किनारे फेंका – हालत नाजुक

बिहार में अपराधियों के हौसले बुलंद: खगड़िया में युवक पर चाकू से हमला, सड़क किनारे फेंका – हालत नाजुक

खगड़िया । बिहार में कानून-व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। खगड़िया जिले के बेला हाईस्कूल के पास अज्ञात अपराधियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे सड़क किनारे फेंक दिया। यह घटना 6 अगस्त की देर रात की बताई जा रही है।

घायल युवक की पहचान बखरी प्रखंड के बहुआरा पंचायत स्थित सांखु वार्ड 2 निवासी अरविंद कुमार केशरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अरविंद मंगलवार की शाम करीब 7 बजे बहुआरा मुखिया से मिलने निकले थे। इसी दौरान पूर्व से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें लगने के बाद हमलावर उन्हें बेला हाईस्कूल के पास सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए।

अरविंद की पत्नी अर्चना देवी ने बताया कि देर रात तक पति के घर नहीं लौटने पर परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। अगले दिन सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि बेला कमलास्थान मार्ग पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर वह अरविंद निकले। परिजनों ने उन्हें गंभीर स्थिति में बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटनास्थल खगड़िया जिले की सीमा क्षेत्र में पड़ता है। पीड़ित की पत्नी ने गंगौर थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल नजर आ रहा है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now