बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने सुबह तड़के मुठभेड़ के दौरान 20 हजार रुपये के इनामी और गौकशी व पुलिस पर फायरिंग के मामलों में वांछित अभियुक्त जाहिद उर्फ अंडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर घुरसमसपुर रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका साथी अजीम उर्फ मोती अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी पर गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, पुलिस पर जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी परये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
20 हजार का इनामी गौकश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली






