रिपोर्ट :- चंद्रकिशोर पासवान
बेगूसराय | बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत बेगूसराय स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में मतगणना का कार्य पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ। मतगणना की सारी प्रक्रियाओं की निगरानी जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम तुषार सिंगला व एसपी मनीष कुमार ने स्वयं की। परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और तैनात कर्मी सुबह से ही मुस्तैद रहे। सुरक्षा घेरे के बीच मतगणना केंद्र में प्रवेश केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही दिया गया। मतगणना कार्य भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त गणना प्रेक्षकों की उपस्थिति में संचालित हुआ। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर आगे बढ़ती रही। अधिकारियों ने बताया कि पूरे दिन कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति नहीं बनी, जिसके कारण मतगणना कार्य सुचारू रूप से चलता रहा। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप अंतिम परिणामों की घोषणा भी शांतिपूर्वक की गई। प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मियों एवं राजनीतिक दलों को धन्यवाद दिया।






