Join WhatsApp Group Join WhatsApp Group

भाजपा विधायक की दबंगई- टोलकर्मी को जड़ा थप्पड़-देखें Video….

मथुरा जिले में शनिवार को बलदेव से भाजपा विधायक पूरन प्रकाश ने नेशनल हाईवे स्थित महुअन टोल पर हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने एक टोल कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। विधायक का कहना था कि टोल के कर्मचारी बेवजह वाहन रोकते हैं, जिसके कारण जाम लगता है और लोगों को परेशानी होती है।

जबकि टोल प्रबंधन ने कहा कि किसी भी वाहन को 30 सेकंड से अधिक समय तक नहीं रोका जाता है। हंगामे के चलते करीब 18 मिनट तक टोल फ्री होने से वाहन निकलते रहे।

टोल प्रबंधन ने बताया कि दोपहर बाद करीब चार बजे भाजपा विधायक का काफिला आगरा की तरफ से मथुरा के लिए जा रहा था। विधायक के आगे जो गाड़ी थी, उसे टोल पर कुछ सेकंड के लिए रोककर एंट्री करने के बाद जाने दिया गया। इसके बाद जैसे ही विधायक की गाड़ी पहुंची तो सिग्नल नीचे आ गया और कुछ ही सेकंड में सिग्नल ऊपर हो गया। इसी पर भाजपा विधायक गुस्साए गए। उन्होंने गाड़ी से उतर कर टोल कर्मी को थप्पड़ मार दिया। कहा कि मेरी गाड़ी को टोल पर रोका गया।

भाजपा विधायक के कहने पर उनके साथ चल रहे पुलिस कर्मी व अन्य ने सभी टोल फ्री करा दिए और बिना टोल दिए करीब 18 मिनट तक वाहन गुजरते रहे। उसी दौरान विधायक ने कहा कि यहां तैनात कर्मचारी सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। जाम लगने से लोगों को परेशानी होती है। विधायक ने वहां खड़े होकर डीएम और एसएसपी से ही शिकायत की। जब तक विधायक वहां रहे, जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा करते रहे।

Share
Now