Home / News / बदला घाट–धमारा घाट के बीच ब्रिज-51 का होगा कायाकल्प, 80 दिनों तक रोज डेढ़ घंटे ट्रैफिक ब्लॉक

बदला घाट–धमारा घाट के बीच ब्रिज-51 का होगा कायाकल्प, 80 दिनों तक रोज डेढ़ घंटे ट्रैफिक ब्लॉक

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । बदला घाट–धमारा घाट रेलखंड के बीच स्थित महत्वपूर्ण ब्रिज संख्या-51 पर रेलवे व्यापक तकनीकी उन्नयन और ट्रैक नवीनीकरण का कार्य शुरू करने जा रहा है। कार्य के लिए 11 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 7:50 बजे से 9:20 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। कुल 80 कार्य दिवसों में यह काम पूरा करने की योजना है।

इस दौरान पुल पर 633 आधुनिक एच-बीम स्टील स्लीपर, 60 किग्रा रेल, गार्ड रेल और चेकर्ड प्लेट लगाने का काम किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, एच-बीम स्लीपर लगाने में 32 दिन, 60 किग्रा रेल नवीनीकरण में 20 दिन, स्क्वेयरिंग व गार्ड रेल फिक्सिंग में 18 दिन तथा चेकर्ड प्लेट फिक्सिंग में 10 दिन लगेंगे।

गति प्रतिबंध हटने की उम्मीद

ब्रिज पर पुराने ट्रैक इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण लागू गति प्रतिबंधों को हटाने में इस कार्य से मदद मिलेगी। इसके बाद ट्रेनों को अधिक सुरक्षित गति से पुल पार कराने की सुविधा मिलेगी, जिससे समयपालन और परिचालन क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है।

रेलवे का दावा है कि मजबूत ट्रैक संरचना से पुल की संरक्षा बढ़ेगी और भविष्य में रखरखाव की जरूरत भी कम होगी। वहीं, ट्रेन परिचालन की गति बढ़ने से इस महत्वपूर्ण रेलखंड की सेक्शनल क्षमता में भी सुधार हो सकता है।

ट्रेनों के परिचालन पर पड़ सकता है असर

ब्लॉक की अवधि में आवश्यकता के अनुसार कुछ ट्रेनों का पुनर्निर्धारण, मार्ग में नियंत्रण या आंशिक समापन किया जा सकता है। इससे यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए रेलवे ने खेद जताया है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा NTES ऐप पर अवश्य जांच लें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now