अलीगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी ने प्रेमी संग रचाया खौफनाक कत्ल का खेलअलीगढ़ के धनसारी गांव में 28 साल के यूसुफ खां की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक सीधा-साधा युवक, जो मंडी में मजदूरी करता था, इतनी बेरहमी से मारा गया कि सुनकर रूह कांप जाए।29 जुलाई की सुबह यूसुफ काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला और फिर कभी वापस नहीं लौटा। चार दिन बाद उसका सड़ा-गला शव जखेरा गांव के बंद पड़े ईंट-भट्ठे की झाड़ियों में मिला। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया। शरीर पर तेजाब डाला गया था, सिर के बाल गायब थे और कीड़े पड़ चुके थे।पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जो सच उजागर किया, वो और भी भयावह था। पहले यूसुफ के दोनों हाथ बांधे गए, फिर पेट पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इसके बाद उसके पूरे शरीर पर तेजाब डाल दिया गया ताकि कोई पहचान न सके।परिवारवालों ने कपड़े और चप्पलों से शव की पहचान की। जब पुलिस ने जांच की, तो शक की सुई यूसुफ की पत्नी तब्बसुम और उसके कथित प्रेमी दानिश की तरफ घूमी। परिजनों का आरोप है कि दानिश ने पहले यूसुफ से दोस्ती की, फिर उनके घर आने-जाने लगा और धीरे-धीरे उसकी पत्नी के करीब आ गया।यूसुफ के ममेरे भाई मुबीन सैफी का कहना है कि तब्बसुम और दानिश के बीच लंबे समय से नाजायज रिश्ता था, जिसका यूसुफ विरोध करता था। इसी रंजिश में उसे मौत के घाट उतार दिया गया।यूसुफ के दो छोटे बेटे हैं – 6 साल का असलान और 4 साल का अदनान। पिता की ऐसी दर्दनाक मौत के बाद दोनों मासूमों की जिंदगी अब सवालों के घेरे में है।फिलहाल तब्बसुम, दानिश और उसके परिजन फरार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। इंसाफ की उम्मीद में यूसुफ का परिवार आज भी दर-दर भटक रहा है।






