Home / Politics / भाजपा नेता संगीत सोम का ज़हरीला बयान एक्टर शाहरुख खान को बताया गद्दार बांग्लादेश में…

भाजपा नेता संगीत सोम का ज़हरीला बयान एक्टर शाहरुख खान को बताया गद्दार बांग्लादेश में…

दौराला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर रहे हैं।

संगीत सोम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और विदेशों में देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि फ्री राशन, आवास और उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं से आम जनता को लाभ मिला है, जिससे विपक्ष असहज है।

सभा में पूर्व विधायक संगीत सोम ने अभिनेता शाहरुख खान पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कुछ लोग खेल और मनोरंजन के माध्यम से राष्ट्रविरोधी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को मोटी रकम देकर खरीदा जा रहा है और इसी कड़ी में शाहरुख खान द्वारा एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साढ़े नौ करोड़ रुपये में लेने की बात सामने आई है। संगीत सोम ने कहा कि जिस देश ने शाहरुख खान को पहचान, नाम और शोहरत दी, उसी देश के खिलाफ ऐसी गतिविधियां दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों से देश को सतर्क रहने की आवश्यकता है और राष्ट्रहित के विरुद्ध काम करने वालों के लिए देश में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

इसके साथ ही संगीत सोम ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

[post-views]
Share
Now