बिहार की बेटी नेपाल में बनी कैबिनेट मंत्री, जानिए-रेणु यादव की राजनीति ….

बिहार की बेटी ने नेपाल की सरकार में मंत्री बनकर सूबे का परचम लहराया। पड़ोसी देश नेपाल में प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा के मंत्रिमंडल विस्तार में अररिया के नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के गोड़राहा बिशनपुर पंचायत के वार्ड संख्या 09 की लाडली बेटी रेणु यादव का मंत्रिमंडल में मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल फैला हुआ है।
नेपाल मंत्रिमंडल के 12 कैबिनेट मंत्री में रेणु कुमारी यादव को यातायात एवं भौतिक पूर्वाधार विभाग का मंत्रालय सौंपा गया है। रेणु यादव के मंत्री बनने से जहां नेपाल के तराई इलाकों में रहने वाले मधेशियों में खुशी है। वहीं सीमा पार भारतीय क्षेत्र के नरपतगंज में भी खुशी का माहौल है। बताते चले कि रेणु यादव का मायका बिहार के अररिया जिला के नरपतगंज प्रखंड के गोड़राहा गांव में है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नरपतगंज में हुई है। नरपतगंज के गोड़राहा समेत कन्हैली और फारबिसगंज में उनके कई रिश्तेदार हैं। सबसे बड़ी बहन कुमोद यादव ने बताया कि रेणु की शादी 1979 ई0 में नेपाल के सप्तरी जिला के राजविराज के खड़कपुर गांव ने हुई थी।
उनका ससुराल राजनीतिक परिवार था। पति की हत्या के बाद वह राजनीति में आगे आई और 1995 के बाद से लगातार नेपाल में सांसद रही। इससे पूर्व भी दो बार वह मंत्री पद का कार्यभार बखूबी संभाल चुकी है। बताया कि पिछली बार नेपाल में हुए चुनाव में उनका पुत्र अभिषेक यादव भी एमएलए निर्वाचित हुआ है। रेणु यादव 2008 में तब चर्चा में आई थी जब नेपाल में समानता के अधिकार के सवाल पर मधेशी आन्दोलन का समर्थन करते हुए सांसद पद से इस्तिफा दे दिया था। आज वे नेपाल में राष्ट्रीय स्तर की नेत्री हैं।
मंत्री बनाए जाने प उनके पैत्रिक गांव में जश्न का माहौल है। रिश्तेदार रवीन्द्र यादव, राधा यादव, ग्रामीण उमाशंकर सिंह, अजीत कुमार, राहुल सिंह ने रेणु यादव के मंत्री बनाए जाने पर खुशी जताई है। ग्रामीण कहते हैं कि यह उनके लिए गर्व का विषय है। मनीष यदाव अपनी मौसी के नेपाल में मंत्री बनने से काफी उत्साहित हैं।

रिपोर्ट- दिव्या श्रीवास्तव

Share
Now