बिहार में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में एनडीए ने बिहार बंद का आह्वान किया। सुबह सात बजे से दोपहर बारह बजे तक चले इस पांच घंटे के बंद के दौरान कई जिलों में सड़क जाम और विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले। राजधानी पटना सहित कई इलाकों में आम लोगों को परेशानी हुई, वहीं कुछ स्थानों पर हालात शांतिपूर्ण भी रहे। एनडीए ने बंद को सफल बताया और भाजपा व जदयू कार्यकर्ताओं ने महागठबंधन नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इसे जनता की भावनाओं का प्रतीक बताया और कहा कि पहले राजनीति में व्यंग्य और कटाक्ष होते थे, लेकिन अब मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। उन्होंने इस टिप्पणी को गंभीर बताते हुए कहा कि पहली बार किसी नेता की मां को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल हुआ। वहीं, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि बंद के दौरान शिक्षिकाओं, महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और पत्रकारों से बदसलूकी की जा रही है और इसे निंदनीय बताया।






