सहारनपुर। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज एक बड़ी कार्रवाई हुई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के जूनियर इंजीनियर (JE) नीरज कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जेई ठेकेदार से रुके हुए भुगतान (पेमेंट) को जारी करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ठेकेदार धीर सिंह ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी। शिकायत के बाद विभाग ने करीब 15 दिनों तक पूरी योजना और रेकी की। बुधवार को आरोपी जेई नीरज कुमार ने ठेकेदार को देहरादून रोड स्थित PWD ऑफिस में बुलाकर रिश्वत की रकम मांगी। जैसे ही ठेकेदार ने 50 हजार रुपये जेई को सौंपे, उसने रकम जेब में रख ली। इसी दौरान पहले से मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने कार्रवाई करते हुए जेई नीरज कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद थाना सदर बाजार में आरोपी जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एंटी करप्शन की इस सटीक और सफल कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सहारनपुर जिले में भ्रष्टाचार के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे आम जनता में असंतोष है। कई विभागों में छोटे से लेकर बड़े स्तर तक रिश्वतखोरी की शिकायतें आती रही हैं। हालांकि, योगी सरकार के सख्त निर्देशों के बाद भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का स्पष्ट संदेश है कि “भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बार यह दोहराया है कि जनता की मेहनत की कमाई से जमा सरकारी धन पर किसी अधिकारी या कर्मचारी का अधिकार नहीं है। इसी दिशा में एंटी करप्शन टीम का यह अभियान जनता में भरोसा और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सहारनपुर से बड़ी खबर: रिश्वतखोर जेई रंगे हाथों गिरफ्तार, सरकार की सख्ती से भ्रष्टाचारियों में मचा हड़कंप






