पश्चिमी यूपी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी पर बुधवार दोपहर लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर उस वक्त जानलेवा हमला हो गया, जब पुलिस उसे कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही थी। जाम में फंसी पुलिस की गाड़ी पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं, जबकि गाड़ी में मौजूद दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। गंभीर हालत में विनय त्यागी को पहले लक्सर सीएचसी और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया।
फायरिंग के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए भीड़ के बीच फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक विनय त्यागी पर 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।






