पटना के पारस अस्पताल में हुए चर्चित हत्या मामले में बिहार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अहम गिरफ्तारियाँ की हैं। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कोलकाता में छापा मारकर मुख्य शूटर तौसीफ खान उर्फ बादशाह, नीशू खान और छह अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक महिला भी उनके साथ पाई गई, जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, टीम को यह सूचना मिली थी कि चंदन मिश्रा की हत्या में शामिल कुछ आरोपी कोलकाता के आनंदपुरी इलाके के एक गेस्ट हाउस में छिपे हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ और कोलकाता पुलिस ने मिलकर ऑपरेशन चलाया। छापेमारी के दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब पुलिस और आरोपियों के बीच फायरिंग हो गई। इसी गोलीबारी में एक आरोपी के घायल होने की भी खबर है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में हर्ष उर्फ हरीश कुमार और भीम कुमार जैसे नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच चल रही है। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है कि उसका इन आरोपियों से क्या संबंध था और वह वहां क्यों मौजूद थी। पटना पुलिस इस पूरे मामले पर जल्द ही विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।
इस फायरिंग का कनेक्शन पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा की हत्या से जुड़ा है, जिसमें छह अपराधियों ने उन्हें 36 गोलियां मारी थीं। मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह, नीशू खान और अन्य को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच जारी है और इलाका अब भी सहमा हुआ है।






