मथुरा में चर्चित संत नागेंद्र महाराज के घर पर हुआ हमला! सांसद प्रजा ठाकुर के लोगों के खिलाफ पुलिस…..

वृंदावन में बांकेबिहारी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मोतीझील इलाके में भागवताचार्य नागेंद्र महाराज के घर पर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौके से 3 लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं भागवताचार्य की पत्नी ने भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह के सुरक्षा गार्ड एवं साथियों पर अभद्रता करने एवं धमकी देने के मामले में नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मोतीझील इलाके में भागवताचार्य कार्ष्णि नागेंद्र महाराज के निवास के समीप भूरी वाला आश्रम है। आश्रम में स्वामित्व को लेकर पिछले काफी समय से दो पक्षों में विवाद चल रहा है। सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह रविवार रात्रि को इसी आश्रम में आई थीं। भागवताचार्य की पत्नी मीनाक्षी दत्त द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार रविवार रात करीब 8:30 बजे एक गाड़ी में सवार एक महिला के साथ आए 4-5 लोग उनके आवास पर आकर गालीगलौज कर रहे थे। उनके साथ भूरीवाला आश्रम का एक संत भी था।

आरोप है कि सोमवार दोपहर को दोपहर करीब 1:40 बजे जब वह बाजार से सामान लेकर आईं, तभी रास्ते में खड़े लोगों ने उनके साथ गालीगलौज करना शुरू कर दिया और आश्रम के अंदर से 8-10 लोगों को आवाज देकर बुलाते हुए कहा कि इसे पकड़कर अंदर ले चलो। यह सुनकर वह अपनी जान बचाकर घर के अंदर भागीं तो उक्त सभी लोग भी घर के अंदर घुसकर उनके साथ अभद्रता व मारपीट करने लगे।

शोर सुनकर कुछ लोग वहां पर आ गए और उन्हें बचाया। बताया कि मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और उक्त लोगों में से 3 लोगों को पुलिस ने मौके से हथियार समेत हिरासत में ले लिया। ये लोग बोल रहे थे कि आज तू बच गई किसी दिन तुझे जान से मार देंगे।

वहीं सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ने भागवताचार्य की पत्नी द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि वे भूरी वाला आश्रम में संतों से मिलने आई थीं। इसी दौरान भागवताचार्य की पत्नी गालीगलौज करने लगी। दूसरे दिन भी स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में भागवताचार्य की पत्नी उनका नाम लेकर गाली देने लगी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब उनके सुरक्षा गार्डों ने उसे गाली देने से रोकने का प्रयास किया तो पुलिस ने सुरक्षा गार्डों को हिरासत में ले लिया। साथ ही उन्होंने आश्रम में चल रहे विवाद के मामले में भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगाया है।

Share
Now