
मथुरा में बाजना के मोरकी कॉलेज के खेल मैदान पर शुक्रवार को किसान महपंचायत का आयोजन हुआ। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रालोद नेता जयंत चौधरी भी शामिल हुए। दोनों ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा भाजपा किसान की खेती छीनना चाहती है। जब तक कानून वापस नहीं होगा, लड़ाई जारी रहेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस देश में चौधरी चरण सिंह से बड़ा किसान नेता कोई नहीं हुआ। कहा जब तक संसद और विधानसभा में किसानों की बात रखने वाले नहीं होंगे, तब तक किसान खुशहाल नहीं हो सकता। भाजपा ने नोटबंदी के दौरान भरोसा दिलाया कि काला धन वापस आएगा। बताइये कितना काला धन आया। इसी तरह आधी रात जीएसटी शुरू किया तो उससे कौन सा लाभ हुआ। बताइए कितने किसानों की आय दोगुनी हो गई है। वैश्विक महामारी के दौरान पेट्रोल-डीजल कीमतें बढ़ा दी गईं और ये तीनों काले कानून किसानों पर थोप दिए गए। भाजपा बड़े-बड़े उद्योगपतियों से मिलकर किसान की खेती को छीनना चाहती है। उन्होंने तंज कसा कि सीएम पहनावे से तो योगी हैं मगर उन्हें जनता के दुख दर्द से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा हमें और आपको लड़ा कर सत्ता पाने का काम करती है।

रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि इनके घमंड को तोड़ना है। इसके लिए वोट की चोट से प्रहार करना होगा। उन्होंने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह लड़ाई किसी एक समाज विशेष की नहीं बल्कि किसानों की है। भाजपा की नजर में शहीद हुए 300 किसान किसान नहीं हैं। उन्होंने जोड़ा कि वह चाहते हैं कि अखिलेश यादव मथुरा से चुनाव लड़ें और वह स्वयं गाजीपुर से चुनाव लड़ें। वहीं जयंत चौधरी ने अपने भाषण की शुरुआत में मथुरा सांसद हेमामालिनी का नाम लिए बगैर तंज कसा।
बरसाना, गोवर्धन, वृंदावन, केशीघाट को विश्वस्तरीय बनाएंगे
सत्ता में वापसी पर बरसाना, गोवर्धन, वृंदावन, केसीघाट को विश्वस्तरीय बनाया जाएगा। ये दावा सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यहां राधारानी के दर्शन के बाद पत्रकारों से बात कही। इससे पहले उन्होंने यहां राधारानी के दर्शन किए और पूजा अर्चना की।