कल के चुनाव परिणाम के बाद सामने आया INDIA गठबंधन कहा 24 में जीत कर दिखाएंगे इन परिणामों से नही…..

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को 2024 के लोक सभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल माना जा रहा था। पांच राज्यों की कुल 680 विधानसभा सीटों पर चुनाव परिणाम का एलान भाजपा के लिए उत्साह बढ़ाने वाला है, क्योंकि तीन राज्यों में उसकी सरकार बनेगी। तेलंगाना जैसे प्रदेश में भी उसका जनाधार बढ़ा है। इन चुनाव परिणामों को कांग्रेस समेत 28 विपक्षी दलों के लिए तगड़ा झटका माना जा रहा है, लेकिन विपक्षी दलों का मानना है कि इससे आम चुनाव पर असर नहीं पड़ेगा। विपक्षी दलों ने चंद महीने बाद होने वाले आम चुनाव के लिए कड़ी मेहनत करने की वकालत की है।

विपक्षी नेताओं का कहना है कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव 2023 के नतीजों का असर इंडिया ब्लॉक में शामिल राजनीतिक दलों पर नहीं पड़ेगा। कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। सोमवार को संसद सत्र की शुरुआत और चुनाव परिणाम के एक दिन बाद विपक्षी दलों ने कहा, भले ही विधानसभा चुनाव परिणाम के अनुसार भाजपा को तीन राज्यों में जीत मिली है, लेकिन इसका असर INDIA ब्लॉक में शामिल करीब 28 दलों के गठबंधन पर नहीं पड़ेगा। हालांकि, विपक्ष ने यह भी स्वीकार किया है कि विपक्षी दलों को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए कड़ी मेहनत करने की जरूरत है।

विधानसभा चुनाव के नतीजों और विपक्षी दलों के गठबंधन पर करारी शिकस्त के असर से जुड़े सवाल पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा, इस हार से गठबंधन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमें और अधिक मेहनत करनी होगी। जीत और हार होती रहती है। हमें हारने के साथ-साथ जीतने वालों से भी सीखना चाहिए। भारत देश को एकजुट होना होगा। देश सभी के लिए है और हमें देश को मजबूत करने की जरूरत है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सामंजस्य न होने और अगले साल के आम चुनाव में इन चुनाव परिणामों के असर पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “सभी दलों को समायोजन करना पड़ेगा। हमें एक साथ आगे बढ़ना होगा। उनके अलावा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता मनोज झा ने भी कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों का विपक्षी दलों के गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Share
Now