शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा के कहने पर देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बनने वाली नयी सरकार में शामिल होने का फैसला किया।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। ज्ञात हो कि फडणवीस ने यह घोषणा की थी कि शिंदे महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे और भाजपा उनकी सरकार को समर्थन देगी। उन्होंने कहा था कि वह शिंदे सरकार में शामिल नहीं होंगे। शिंदे के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद फडणवीस ने यह घोषणा की थी।
लेकिन कुछ ही मिनटों में खबर आई कि देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। अब खुद देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि वे क्यों महाराष्ट्र के डिप्टी बनने को राजी हुए। शपथ लेने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पार्टी के आदेशों का पालन किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “एक प्रामाणिक कार्यकर्ता के रूप में मैं पार्टी के आदेशों का पालन करता हूं। जिस पार्टी का आदेश मुझे सर्वोच्च पद पर ले आया, वह मेरे लिए सर्वोपरि है।”
नड्डा से लेकर शाह तक, सभी ने मनाया
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा के कहने पर देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बनने वाली नयी सरकार में शामिल होने का फैसला किया है। शाह ने एक ट्वीट कर यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के कहने पर देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा मन दिखाते हुए महाराष्ट्र राज्य और जनता के हित में सरकार में शामिल होने का निर्णय लिया है।’’ उन्होंने कहा कि यह निर्णय महाराष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा व सेवाभाव का परिचायक है। उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए मैं उन्हे हृदय से बधाई देता हूं।’