बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक हप्पू पुत्र तिलकराम निवासी फरादीपुर गंगा उर्फ नवादा थाना नवाबगंज, इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम लालपुर में एक घेर में रहकर जीवनयापन करता था। वहीं आरोपी सुमित शर्मा निवासी शेरगढ़ भी खेती-बाड़ी का कार्य करता था। 13 जून को दोनों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी रंजिश के चलते 14/15 जून की रात आरोपी ने सो रहे हप्पू पर मच्छरदानी के लोहे के सरिये से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हप्पू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को पीलीभीत रोड स्थित विलयधाम पुल के पास से आरोपी सुमित शर्मा (28) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि गाली-गलौज और विवाद से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
शराब के विवाद में हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त सरिया बरामद





