देहरादून-ऋषिकेश मोटर मार्ग पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब नीलकंठ मंदिर में जल चढ़ाने जा रहे कांवड़ियों से भरा एक ट्रक सात मोड़ के पास दुर्गा माता मंदिर के नजदीक अनियंत्रित होकर पलट गया।इस ट्रक में कुल 28 लोग सवार थे, सभी हरियाणा के कैथल जिले से कांवड़ यात्रा पर निकले थे। हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद को दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस और सरकारी अस्पताल की गाड़ियों से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय पहुँचाया गया।तीन कांवड़ियों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें एम्स हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाकी सभी को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।श्रद्धा से भरी इस यात्रा में अचानक आया ये हादसा लोगों के दिलों को झकझोर गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।






