झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़, 19 जून। कोटा विश्वविद्यालय द्वारा सेमेस्टर परीक्षाओं के ऑनलाइन आवेदन 18 जून से प्रारम्भ किए जाने के बावजूद स्नातक चतुर्थ एवं षष्ठ सेमेस्टर के विद्यार्थियों का परीक्षा आवेदन पोर्टल शुरू नहीं होने से विद्यार्थियों में भारी असंतोष एवं चिंता का माहौल व्याप्त है। विद्यार्थियों की इसी समस्या को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झालावाड़ के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय प्रशासन तक विद्यार्थियों की आवाज पहुंचाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि विश्वविद्यालय द्वारा आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ करने की घोषणा कर दी गई है, लेकिन स्नातक चतुर्थ एवं षष्ठ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए पोर्टल अब तक शुरू नहीं किया गया है। इससे विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है तथा आवेदन की निर्धारित समयावधि लगातार कम होती जा रही है। अनेक विद्यार्थी आवेदन प्रक्रिया को लेकर असमंजस में हैं और उन्हें अपने शैक्षणिक भविष्य की चिंता सता रही है।






