व्यवहार न्यायालय, बांका के सभागार में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य भूषण आर्य की अध्यक्षता में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर सभी न्यायिक पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
ज्ञात हो कि वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 को किया जाना है। बैठक के दौरान प्रधान जिला जज महोदय ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को सुलहनीय वादों की पहचान कर संबंधित पक्षकारों को अधिक से अधिक नोटिस तामिला कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिकाधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के सिविल एवं आपराधिक सुलहनीय वादों का निस्तारण किया जा सकता है। इनमें सुलहनीय आपराधिक वाद, प्ली बारगेनिंग से संबंधित मामले, चेक बाउंस के लंबित वाद, बैंक रिकवरी मामले, मोटर दुर्घटना मुआवजा वाद, ट्रैफिक चालान, श्रम (लेबर) से जुड़े मामले, बिजली एवं पानी बिल से संबंधित वाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, किराया, निषेधाज्ञा (इंजंक्शन), कॉपीराइट, उपभोक्ता मामले सहित अन्य सिविल वाद शामिल हैं।
बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार अमित मनु, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय मधु अग्रवाल, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कुमार माधवेंद्र, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बांका की सचिव सपना रानी सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।







