मुंबई में आज फिर बरसने वाली है आफत की बारिश, हाईटाइड की चेतावनी जारी।

मुंबई में बुधवार को बारिश ने खूब कहर मचाया। दक्षिण मुंबई के कोलाबा मौसम स्टेशन ने महज 12 घंटे में 293.8 मिमी बारिश दर्ज की। दक्षिण मुंबई के लोगों ने 46 साल बाद अगस्त के महीने में ऐसी बारिश देखी है।

मुंबई में भारी बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। कल 12 घंटे की बारिश ने न सिर्फ मायानगरी की रफ्तार रोक दी, बल्कि जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। बुधवार को 12 घंटे की मूसलाधार बारिश से मुंबई के सभी इलाके जलमग्न हो गए , पेड़ गिर गए, रेल सेवा ठप हो गई, हाईवे बंद हो गए, सड़कें डूब गईं और घरों में पानी घुस गया। हालांकि, मुंबई वालों के ऊपर अब भी आफत मंडरा रहा है। माना जा रहा है कि अगले दो-तीन घंटे में फिर भारी बारिश होगी। मुंबई में भारी बारिश के साथ-साथ 1.51 मिनट पर हाईटाइड आने की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 3-4 घंटों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज़ हवाओं के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गड़गड़ाहट के साथ बिजलनी भी चमकने की संभावना है। 
 
मुंबई में बारिश के दिनों में हवा की सामान्य रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे होती है। वहीं तेज बारिश के दौरान इसकी स्पीड 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे हो जाती है। शहर में अब तक 1 जून से 5 अगस्त (8.30 बजे) के बीच 2066 मिमी के मौसमी औसत के मुकाबले 2,366 मिमी बारिश हुई है। सांताक्रूज़ मौसम केंद्र ने अपने मौसमी औसत 2260.4 मिमी की तुलना में इसी अवधि के दौरान 2,356.9 मिमी बारिश दर्ज की है। बुधवार को शाम 8.30 बजे तक पिछले 59 घंटों में शहर में 456 मिमी बारिश हुई है।


Share
Now