गर्मी का कहर: इस एक ही जिले में मतदान में लगे 12 कर्मचारियों सहित 20 की मौत 30 ….

भीषण गर्मी और लू का मौसम शुक्रवार को आम जनजीवन के लिए ब्लैक फ्राइडे साबित हुआ। चुनाव ड्यूटी में लगे 12 सहित 20 लोगों की मौत हो गई। वहीं 30 से अधिक लोगों का इलाज मंडलीय अस्पताल समेत अन्य चिकित्सालयों में चल रहा है। इसमें चार से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक के परिजन व स्वास्थ्यकर्मी लू लगने से मौत की आशंका जता रहे है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है।

भीषण गर्मी व तपिश के बीच शुक्रवार को चुनावी ड्यूटी में जा रहे जवानों व अन्य कर्मचारियों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। पॉलिटेक्निक से रवाना होने के दौरान मतदान स्थल पर पहुंचते-पहुंचते कई लोग बीमार हो गये। जिनको उपचार के लिए अस्पताल लेकर आया गया। इसमें उपचार के दौरान छह होमगार्ड, सीएमओ कार्यालय के एक लिपिक, तीन सफाईकर्मी, एक पीठासीन अधिकारी, एक बस परिचालक की मौत हो गई। 21 सुरक्षाकर्मी समेत अन्य कर्मचारी को मिलाकर 30 से अधिक लोगों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। चुनावी ड्यूटी में तैनात लोगों की मौत से हड़कंप मच गया।

पिछले चार-पांच दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के चलते हर कोई परेशान है। शुक्रवार को पॉलिटेक्निक से रवाना हो रही पोलिंग पार्टियां भी गर्मी के कारण परेशान रहीं। पसीने से तरबतर लोग कभी ईवीएम तो कभी रवाना होने वाले वाहनों की तलाश में लगे रहे। इस दौरान कई लोग गर्मी के चलते बीमार हुए। जिनको उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। सुबह से बीमार लोगों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया था।

दोपहर होते-होते पोलिंग पार्टियां मतदान स्थल पर पहुंचने लगीं तो बीमार होने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में लाया गया। सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक शिवपूजन श्रीवास्तव (56) निवासी नवली थाना रेवतीपुर गाजीपुर की दोपहर 12 बजे तबीयत बिगड़ गई। उनके साथ गया उनका पुत्र पीयूष उनको लेकर उपचार के लिए एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल आया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। तीन बजे के बाद मंडलीय अस्पताल में मरने वालों का तो जैसे सिलसिला शुरू हो गया।

Share
Now