
देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत खुद पर लिखे गए एक गीत को सुनकर इतने भावुक हो गए कि उनके आंसू छलक आए। गीत सुनकर आंसू पोंछते हरीश रावत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
एक वीडियो हरीश रावत ने खुद फेसबुक पर शेयर किया
दरअसल, सल्ट के हरीश जोशी पूर्व सीएम हरीश रावत पर लिखे गए गानों में से एक गाना गा रहे हैं। जिसके बोल हैं घर-घर, गौं-गौं हरदा छ तुहर नौ…। इस गाने में वह अपने मन के भाव व्यक्त कर रहे हैं। इस गाने को उनकी आवाज में जब हरीश रावत ने सुना तो वह भावुक हो गए।
तीन साल प्रदेश के विकास के लिए रात-दिन मेहनत की
इन पलों का एक वीडियो उन्होंने खुद फेसबुक पर शेयर किया है। जिसे अब तक पांच हजार से अधिक लाइक, छह सौ से अधिक कमेंट और साढ़े तीन सौ शेयर मिल चुके हैं। इसके अलावा 72 हजार से अधिक लोगों ने इस वीडियो को देखा है। हरीश ने कहा कि उन्होंने तीन साल प्रदेश के विकास के लिए रात-दिन मेहनत की है।
इस गीत ने अंतर्मन से उनकी भावनाओं को झकझोर दिया है। कलाकारों के कंठ से हरीश रावत के लिए कुछ निकल रहा है, यह उनके लिए बड़ी बात है। उन्होंने इसके लिए कलाकारों को धन्यवाद भी अर्पित किया है।