
नई दिल्ली: गणेश चतुर्थी के बाद शनिवार को सोनिया विहार में मूर्ति विसर्जन के दौरान चार किशोर यमुना में डूब गए। अफरा-तफरी मची तो एक किशोर (विजय राठौर) को वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह बचा लिया, लेकिन उसके तीन दोस्त विजय (17), आर्यन उर्फ शिवम (12) और विवेक (15) गहरे पानी में लापता हो गए। जिसके बाद हड़कम्प मच गया। पुलिस ने रात 9 बजे तक रेस्क्यू किया।
शनिवार शाम करावल नगर के अंकुर एन्क्लेव से कुछ लोग एक टेंपो में भगवान गणेश की मर्ति लेकर नाचते-गाते विसर्जन के लिए सोनिया विहार दूसरा पुश्ता पर आए थे। गणेश मूर्ति विसर्जन के लिए ये सभी लोग यमुना में उतरे तो उक्त चारों किशोर गहरे पानी की ओर बढ़ गए। जिस कारण चारो किशोर डूबने लगे। लोगो ने किसी तरह एक किशोर विजय राठौर को बचा लिया गया, लेकिन बाकी तीनों गहरे पानी में समा गए।
वहां मौजूद लोगों ने उनकी तलाश के काफी प्रयास किए, लेकिन पता नही चल सका। इस बीच देर शाम मामले की सूचना पुलिस टीम, दमकल विभाग और बोट क्लब को दी गई। डूबे तीनों किशोरों का देर रात तक चले बचाव अभियान के बाद भी सुराग नहीं लग पाया है।
इधर, पुलिस के मुताबिक, रात करीब नौ बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। अंधेरा और मौसम खराब होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया। तिमारपुर थाना पुलिस के मुताबिक, रविवार को दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा। बच्चों के डूबने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.