उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत जी का जन्मदिन आज,वनिता आश्रम में बच्चों के साथ मनाया, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज 57 वर्ष के हो गए हैं। उन्होंने अपना जन्मदिन बाल वनिता आश्रम में बच्चों के साथ केक काटकर मनाया। इस दौरान बच्चों ने सीएम को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। 

पौड़ी गढ़वाल की असवालस्यूं पट्टी के सीरों गांव में नौ अप्रैल 1964 में जन्मे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन पर श्री श्रद्धानंद बाल वनिता आश्रम में यज्ञ का आयोजन किया गया। आश्रम के बच्चों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने जन्म दिवस को बच्चों के साथ केक काटकर मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिष्ठान और फल वितरण भी किया। 

वहीं, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने ट्वीट करते हुए लिखा मेरे छोटे भाई और प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सदैव स्वस्थ रहें, सुदीर्घ आपका जीवन हो और आपके नेतृत्व में हमारी देवभूमि उत्तराखंड विकास व उन्नति के नित नए आयाम छुए, ऐसी भगवान बदरीविशाल व बाबा केदार से मंगल कामना करता हूं। पिथौरागढ़ विधायक चंद्रा पंत ने सीएम रावत की दीर्घायु की कामना करते हुए पिथौरागढ़वासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।  

Share
Now