शामली में किसान संवाद कार्यक्रम में विपक्षी दलों पर जमकर बरसे बी जे पी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देवसिंह ….

शामली

कैराना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस ने गरीबों को लूटने का काम किया है। मोदी व योगी सरकार सबका साथ सबका विकास कर रही है। प्रदेश में हमारी सरकार ने डीजे व कांवड़ पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर की नींव रखी है। दुबई में भी मंदिर की नींव रखी गई। 2047 तक भारत मां की दुनिया में जय-जयकार होगी।


मंलगवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह क्षेत्र के गांव कंडेला में स्थित चौधरी मानसिंह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शहीद दिवस पर शहीदों को याद कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि बाबू हुकुम सिंह सभी वर्गों के लिए समर्पित थे। आजीवन उन्होंने समाज की उन्नति के लिए कदम उठाए। उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शामली व आसपास के गुड़ की लोकप्रियता से गन्ना किसानों को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसी कठिन परिस्थितियों में किसान खेत में झुका रहा और देश का पेट भरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गरीबों को खाद्य सामग्री मुहैया कराई। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली जाने में चार-पांच घंटे लगते थे, लेकिन दिल्ली-सहारनपुर हाइवे बनने से एक-डेढ़ घंटे में ही पहुंच जाते हैं। सड़कें व नहर पटरी बन रही हैं। नए औद्योगिक विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार में इतना भय था कि छह बजे लोग दरवाजा बंद कर लेते थे, क्योंकि यह नहीं पता था कि कब उनकी भैंस और खेतों से सामान चोरी हो जाएगा। लूटपाट व डकैती होती थी। लेकिन, योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश में एके-47 लेकर घूमने वाले गुंडों की संपत्ति पर बुलडोजर चल रहा है। उन्होंने कहा कि गुंडे अब राज्य छोड़कर पंजाब में शरण ले रही है। कांग्रेस पर उन्होंने गुंडों का सहयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले डीजे व कांवड़ पर प्रतिबंध लगता था। योगी सरकार ने ऐसा नहीं किया। कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पहली बार पुष्प वर्षा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने 40 लाख आवास देने का काम किया। एक करोड़ 38 लाख को विद्युत कनेक्शन देकर रोशनी देने का काम किया। पांच लाख रुपये के मुफ्त उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड दिए। जन औषधि केंद्र में आठ हजार रुपये वाली दवाई महज 800 रुपये में मिलती है। कंडेला गांव में नहीं हैं, तो यहां भी खोल दो। इसमें दो लाख रुपये भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 95 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया है। सपा, बसपा व कांग्रेसी पूछते थे कि राम मंदिर कब बनेगा। मोदी को पता था कि 2019 में फिर सरकार बनेगी, जिन्होंने राम मंदिर की नींव रखवाई गई। दुबई में भी मंदिर की नींव रखी गई। उन्होंने कहा कि एक झटके में ही तीन तलाक से आजादी मिली और उत्पीड़न रूका। हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का व्यक्तिगत मकान नहीं हैं। योगी के पास में अपना मकान नहीं है, उनका मंदिर है। राष्ट्रपति रहे मिसाइलमैन एपीजे अब्दुल कलाम के पास में भी अपना मकान नहीं था। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में भर्ती में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। अभ्युदय योजना में अब मुफ्त कोचिंग मिलेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों से कभी गुटका व बीडी-सिग्रेट न मंगाना। बच्चों को शिक्षित करें। उन्होंने कहा कि कभी चबूतरे के लिए न लड़ना, प्रधानी के चुनाव में शराब न बांटना और जो शराब बांटें, उसे वोट न देना। उन्होंने कहा कि 2047 तक पूरी दुनिया में भारत मां की जय-जयकार होगी। ईमानदार व्यक्ति ही देश व गांव का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि मृगांका सिंह को आशीर्वाद दीजिए। स्व. बाबू हुकुम सिंह के सपनों को साकार करना है। वंदेमातरम व भारत मां के लिए सीने में आग जलनी चाहिए। उन्होंने कहा विपक्षी दलों ने गरीबों को लूटने का काम किया है। रालोद, सपा व कांग्रेस में कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष इन परिवारों के अलावा नहीं बनेगा। जबकि यहां बीच में बैठने वाले बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर धारा 370 हटकर खुशहाल हुआ है। कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि बाबूजी ने अंगुली पकड़कर हमें सिखाया है। उनकी राजनीतिक विरासत को मृगांका आगे बढ़ाने वाली है। उन्होंने कहा कि मैं और बाबूजी काफी दिन पहले कंडेला की धरती पर गाड़ी में बैठकर आए थे, उस समय सपा सरकार में बदतमीजी करने वाले अधिकारी को यहां के लोगों ने छह किमी. तक दौड़ाया था। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने मेरे जैसे नेताओ ने निर्माण किया है। कैराना में डिग्री कॉलेज का उन्होंने निर्माण कराया है। क्षेत्र में विकास कराया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उप्र के विकास के लेकर उनके सपनों को ओझल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि टपराणा से दिल्ली यमुनौत्री मार्ग तक 200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। मृगांका सिंह ने कहा कि 84 की चौधराहट कंडेला गांव में है। यह गांव बाबूजी की कर्मस्थली रहा है। जहां जनता ने उन्हें अपार समर्थन दिया। 45 वर्षों तक बाबूजी ने जनता की सेवा की। पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि बाबूजी के अनुभव से हमने भी बहुत कुछ सीखा है। भले ही हम अलग-अलग पार्टियों में रहे, लेकिन एक-दूसरे का हम सामाजिक रिश्ता बरकरार रहा। क्षेत्रीय अध्यक्ष पश्चिमी क्षेत्र मोहित बेनीवाल ने कहा कि जब किसानों की बात होगी, तो कांग्रेस, सपा व वामपंथी विचारधारा के लोग किसानों का मुखौटा ओढ लेते हैं।

दिल्ली में तिरंगे का अपमान जो हुआ, ऐसा किसान नहीं कर सकता। यह वामपंथी विचारधारा के लोग थे। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए राहुल बाबा कहा। उन्होंने कहा कि राहुल जो व्यक्ति राहुल के पास गुड़ लेकर जाता है, तो वह कहते हैं कि इससे गन्ना पैदा कर सकते हैं क्या ? नारियल की खेती की बात की जाती है। केरल में गन्ने की खेती की बात की जाती है। किसान खेती करता है, उसका लाल सीमा पर सुरक्षा करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हातम सिंह व संचालन दामोदर सैनी तथा डॉ. मनोज शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर विधायक तेजेंद्र निर्वाल, जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, जिला प्रभारी जसवंत सैनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड़ कश्यप, व जिला पंचायत सदस्य प्रत्यासी अरशद चौहान मौजूद रहे।

जय श्रीराम के गूंजे नारे
कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य अतिथियों को मृगांका सिंह ने एक-एक पौधा भेंट किया। वहीं, मृगांका के सुपुत्र शिवेंद्र सिंह उर्फ शिवा ने प्रदेश अध्यक्ष को गदा भेंट किया, तो पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। उधर, सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल तैनात रहा।

Share
Now