किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में विधिवत शुरू हुई धान खरीदी
सक्ती, 27 नवम्बर 2026// किसानों की मेहनत को उचित मूल्य दिलाने एवं सुचारू धान उपार्जन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड सक्ती अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मसनियाखुर्द में विगत दिवस धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े ने विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी कार्य की शुरुआत की। खरीदी प्रारंभ होने पर उपस्थित किसानों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के सहायक नोडल अधिकारी श्री विनोद साहू, समिति के प्राधिकृत अध्यक्ष श्री रमेश कुमार गबेल, प्रतिनिधि श्री अमर सिंह जांगड़े, श्री ईश्वरी भास्कर एवं श्री पूरन जायसवाल, संस्था प्रबंधक श्री कान्हाकिंकर शुक्ला, खरीदी प्रभारी श्री आशुतोष जायसवाल तथा समिति कर्मचारी श्री खगेस्वर पटेल एवं श्री कुलदीप जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, आसपास के ग्रामों के सरपंच एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा जिले में धान खरीदी कार्य के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों की सुविधा, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित उपार्जन प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट बिलासपुर संभाग हेड








