अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
समाज सेवक प्रदीप जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को सौंपा ज्ञापन, तत्काल पदस्थापना की मांग
भिलाई बाजार,कोरबा//भिलाई बाजार विद्युत वितरण केंद्र में कनिष्ठ अभियंता एवं लिपिक के पद रिक्त होने से क्षेत्र के 20 से अधिक गांवों के बिजली उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर समाज सेवक प्रदीप जायसवाल ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर रिक्त पदों पर शीघ्र कर्मचारियों की पदस्थापना की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि भिलाई बाजार विद्युत वितरण केंद्र वर्तमान में पर्याप्त मानव संसाधन के अभाव में संचालित हो रहा है। यहां कनिष्ठ अभियंता और लिपिक के पद खाली हैं तथा वर्तमान में केवल लाइनमैन का पद भरा हुआ है।
भिलाई बाजार सहित आसपास के 20 से अधिक गांवों के बिजली उपभोक्ता इस विद्युत वितरण केंद्र से जुड़े हुए हैं। अधिकारियों एवं लिपिकीय कर्मचारियों की कमी के कारण उपभोक्ताओं को बिजली बिल, विद्युत संबंधी शिकायतों, मीटर की समस्याओं, नए बिजली कनेक्शन तथा अन्य विभागीय कार्यों के लिए दीपका विद्युत केंद्र पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से दूरी तय करनी पड़ती है और उनका समय एवं धन दोनों खर्च होता है।
समाज सेवक प्रदीप जायसवाल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि भिलाई बाजार विद्युत वितरण केंद्र में कनिष्ठ अभियंता एवं लिपिक के रिक्त पदों पर शीघ्र पदस्थापना की जाए, ताकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और त्वरित विद्युत सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि भिलाई बाजार क्षेत्र के ग्रामीणों को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दूसरे विद्युत केंद्रों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए स्थानीय विद्युत वितरण केंद्र में आवश्यक कर्मचारियों की नियुक्ति अत्यंत जरूरी है।







