निरीक्षण में धान की बोरियों के वजन में मिली अनियमितता, प्रशासन ने तत्काल की कार्रवाई; सोहित राम बरेठ को सौंपी गई जिम्मेदारी
सक्ती, 21 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में चल रही धान खरीदी के बीच अनियमितता का मामला सामने आया है। सक्ती जिले के ठठारी धान उपार्जन केंद्र में निरीक्षण के दौरान धान की बोरियों के वजन में गड़बड़ी पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अपर कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल को धान खरीदी कार्य से तत्काल पृथक कर दिया है। वहीं, उनके स्थान पर सोहित राम बरेठ को नया धान खरीदी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को नायब तहसीलदार भोथिया द्वारा ठठारी धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान धान की बोरियों का वजन जांचने पर एक बोरी का वजन 41 किलो 200 ग्राम पाया गया। मौके पर कुल 46 बोरियों का वजन 18.90 क्विंटल दर्ज किया गया। वहीं, किसान राजेन्द्र कुमार चंद्रा के नाम से 14 नवंबर 2026 को 80.40 क्विंटल धान का टोकन जारी किया गया था। जांच के दौरान मौके पर निर्धारित मात्रा से 50 किलोग्राम अधिक धान पाए जाने की बात सामने आई।
निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितता के संबंध में पंचनामा तैयार किया गया। इसके आधार पर अपर कलेक्टर जिला सक्ती द्वारा ठठारी उपार्जन केंद्र के प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल को धान खरीदी कार्य से पृथक करने का आदेश जारी किया गया। साथ ही व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सोहित राम बरेठ को नया खरीदी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी का कार्य प्रारंभ हो चुका है। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, गड़बड़ी अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। इसी के तहत ठठारी उपार्जन केंद्र में सामने आई अनियमितता पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है।
जिला प्रशासन ने धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि किसानों से धान खरीदी पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और निर्धारित नियमों के अनुरूप की जाए। खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अशोक कुमार श्रीवास
की खास रिपोर्ट ठठारी से





