Home / Breaking News / आजम खान का जेल प्रशासन पर बड़ा हमला, बोले- ऐसा खाना दिया जिसे आवारा कुत्ता भी न खाए…

आजम खान का जेल प्रशासन पर बड़ा हमला, बोले- ऐसा खाना दिया जिसे आवारा कुत्ता भी न खाए…

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल में बिताए अपने समय को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं और कैदियों के साथ होने वाले व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की। आजम खान का आरोप है कि जेल में उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन किया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें और उनके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति को महज 11 बाई 7 फीट की छोटी सी कोठरी में दिन के 20 से 24 घंटे तक रखा जाता था।

आजम खान ने जेल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा खाना दिया जाता था, जिसे सड़क पर घूमने वाला आवारा कुत्ता भी नहीं खाएगा। उनका कहना था कि सरकार जेलों की व्यवस्था सुधारने के लिए भारी बजट देती है, लेकिन जेल के भीतर कैदियों को किन परिस्थितियों में रहना पड़ता है, इसकी वास्तविकता सामने आनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर भविष्य में उन्हें व्यवस्था में बदलाव लाने का अवसर मिला, तो जेल प्रशासन में सुधार की कोशिश करेंगे।

सपा नेता ने अपने स्वास्थ्य में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने जेल में सरेंडर किया था, तब उनका वजन करीब 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। उन्होंने जेल में अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए कहा कि उन्होंने काफी कठिन परिस्थितियों का सामना किया। आजम खान ने अपनी राजनीतिक और व्यक्तिगत ईमानदारी का बचाव करते हुए कहा कि उन पर कई तरह के आरोप जरूर लगे, लेकिन चोरी, बेईमानी या कमीशन लेने का आरोप कभी साबित नहीं हुआ।

वहीं, आजम खान को गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से भी बड़ी राहत मिली। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने उनकी अंतरिम जमानत को चुनौती दी थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की याचिका खारिज करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा कि मामला अंतरिम आदेश से जुड़ा है, इसलिए फिलहाल इसमें दखल देना उचित नहीं है। इस फैसले के बाद आजम खान की अंतरिम जमानत बरकरार है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now