उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को उस वक्त राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद अपने समर्थकों के साथ सड़क पर उतर आए। निषाद समाज को अनुसूचित जाति (SC) में शामिल करने की मांग को लेकर उन्होंने गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना शुरू कर दिया। मंत्री के हाईवे पर बैठते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दरअसल, डॉ. संजय निषाद फरेंदा क्षेत्र के उदितपुर में आयोजित संवैधानिक अधिकार एवं सुरक्षा महासम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने समर्थकों के साथ पदयात्रा निकाली। इसी दौरान निषाद, मल्लाह और मछुआरा समाज की अन्य उपजातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ हाईवे पर धरने पर बैठ गए। संजय निषाद का कहना था कि सरकार की ओर से समाज को आरक्षण देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इस दिशा में मांग पूरी नहीं हुई है।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मंत्री और प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन संजय निषाद अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान गोरखपुर और सोनौली की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और हाईवे के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
आखिरकार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मोबाइल पर संजय निषाद की बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ बैठक कर चर्चा कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद मंत्री ने अपना धरना समाप्त कर दिया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग पर सरकार के स्तर पर आगे क्या फैसला होता है। फिलहाल पंकज चौधरी के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया है, लेकिन आरक्षण का मुद्दा अभी भी बरकरार है।





