माननीय मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता, सुरक्षा एवं सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने का निर्देश
सैयद शकील हैदर, वरिष्ठ संवाददाता छपरा
सोनपुर, सारण। विश्वप्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण श्री रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में अनुमंडल सोनपुर के अनुमंडलीय सभागार में मेला की तैयारियों की विस्तृत संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पशु मेला तथा माननीय मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सर्वप्रथम मेला क्षेत्र की लाइटिंग एवं प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि माननीय मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा उनके संभावित आवागमन मार्ग (ट्रैवलिंग रूट) पर पर्याप्त एवं आकर्षक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसमें किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। साथ ही मेला क्षेत्र की सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच एवं आवश्यक मरम्मत ससमय पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
पंडालों की सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था के प्रमाणन पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सोनपुर को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में सभी पंडालों का निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत अग्निशमन विभाग, भवन निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग से अनिवार्य रूप से विधिवत जांच कराते हुए आवश्यक प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पंडाल अग्नि सुरक्षा, भवन संरचना एवं विद्युत सुरक्षा के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित हों।
तोरण द्वार, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने मेला क्षेत्र में आकर्षक तोरण द्वारों के निर्माण तथा सौंदर्यीकरण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने नगर परिषद एवं संबंधित एजेंसियों को पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं यूरिनल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, उनकी नियमित साफ-सफाई तथा रखरखाव की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा
जिला पदाधिकारी ने पार्किंग स्थलों की उपलब्धता एवं उनकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं ड्रॉप गेट लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि यातायात प्रबंधन की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे मेला के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए समुचित ट्रैफिक प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया।
फूड कोर्ट में बिहार के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाने का निर्देश
फूड कोर्ट की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने विशेष निर्देश दिया कि सोनपुर मेला के फूड कोर्ट में बिहार के सभी जिलों के विशिष्ट एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएं। इसके लिए सभी जिलों से पत्राचार एवं समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों एवं आगंतुकों को एक ही स्थान पर बिहार के विभिन्न जिलों के पारंपरिक स्वाद एवं खानपान की विविधता का अनुभव मिलना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा आरती एवं 3D वर्चुअल प्रदर्शन
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, आयोजन एवं अन्य तैयारियों की भी समीक्षा की गई। गंगा आरती के आयोजन के संबंध में संबंधित पदाधिकारी द्वारा तीन निर्धारित तिथियों पर गंगा आरती आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने इसकी सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
मेला क्षेत्र में वर्चुअल 3D प्रदर्शन की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसके सफल एवं आकर्षक संचालन हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त डेकोरेशन कार्य की फिनिशिंग, कंट्रोल रूम की व्यवस्था तथा मेला से संबंधित अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
पशु मेला एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी
पशु मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को पर्याप्त संख्या में मोबाइल वेटरनरी यूनिट (MVU) की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पशुओं के उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मेला क्षेत्र में पशुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुदृढ़ रखने को कहा गया।
मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सोनपुर मेला के उद्घाटन हेतु संभावित यात्रा के मद्देनजर जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि मंच एवं हैंगर निर्माण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की तैयारी, चैट बोट तथा मेला की आधिकारिक वेबसाइट के लोकार्पण से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां भी समय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मेला की तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोनपुर मेला बिहार की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। अतः इसके आयोजन में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा में अपने-अपने दायित्वों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा सोनपुर मेला-2026 का आयोजन भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं मेला आयोजन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।





