लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
अंडर-17 में सारण ने मुंगेर को 8-0 और कोसी ने मगध को 6-0 से दी शिकस्त, अंडर-14 में तिरहुत की टीम भी जीती
समस्तीपुर । समस्तीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार को विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में बालिका खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, बेहतर तालमेल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। अंडर-17 वर्ग के मुकाबलों में सारण और कोसी प्रमंडल की टीमों ने बड़ी जीत दर्ज की।
अंडर-17 वर्ग के मुकाबले में कोसी प्रमंडल की टीम ने मगध प्रमंडल को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से पराजित किया। वहीं, सारण प्रमंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंगेर प्रमंडल को 8-0 से करारी शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल की टीम ने पटना प्रमंडल को 2-0 से हराकर जीत अपने नाम की।
इधर, अंडर-14 वर्ग के मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल की टीम ने एकलव्य बिहार की टीम को 2-0 से पराजित किया।
मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षात्मक रणनीति देखने को मिली। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना, खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना तथा फुटबॉल के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से बालिका खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव मिल रहा है, जो भविष्य में उन्हें उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।









