308 भू-विस्थापित परिवारों के रोजगार का मुद्दा: 28 अक्टूबर को नकटीखार और बरबसपुर मार्ग पर होने वाले चक्काजाम स्थगित
कोरबा// सालो बाद भी रोजगार की आस में बैठे भूविस्थापितों का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सीएसईबी बुधवारी के राखड़ बांध निर्माण से प्रभावित गोढ़ी और पण्डरीपानी के ग्रामीणों को स्थायी नौकरी देने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। हालांकि, 26 अक्टूबर को एसडीएम के समक्ष विधायक फूल सिंह राठिया, प्रभावित ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच हुई बैठक के बाद चक्काजाम स्थगित कर दिया गया है।
विधायक ने कलेक्टर को लिखा था पत्र
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूल सिंह राठिया ने 8 अक्टूबर 2026 को कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखकर भूविस्थापितों को स्थायी नौकरी देने की मांग उठाई थी। पत्र के अनुसार, वर्ष 2007 में ग्राम गोढ़ी और पण्डरीपानी में भू-अर्जन किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री की 29 नवंबर 2010 की घोषणा के तहत 308 कृषक परिवारों को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के द्वारा रोजगार देने की स्वीकृति दी गई थी। हालांकि, कुछ भूविस्थापित परिवार अब भी नौकरी से वंचित हैं।
विधायक फूल सिंह राठिया ने आरोप लगाया था कि शेष भूविस्थापितों को स्थायी नौकरी के बजाय तीन वर्ष की समय-सीमा और अन्य शर्तों वाली संविदा नौकरी देने की बात कही जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में ठोस कार्रवाई की मांग की थी।
28 अक्टूबर को होना था चक्काजाम
विधायक फूल सिंह राठिया ने चेतावनी दी थी कि निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं होने पर 28 अक्टूबर को गोढ़ी-पण्डरीपानी डेम बंद कराने के साथ नकटीखार से बरबसपुर मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। इससे पहले ही 26 अक्टूबर को एसडीएम के समक्ष विधायक, प्रभावित ग्रामीणों और जिला प्रशासन के बीच बैठक हुई। बैठक में ग्रामीणों को रोजगार देने की बात कही गई, जिसके बाद प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया गया।
अब वादे पर अमल का इंतजार
बैठक के बाद आंदोलन तो फिलहाल टल गया है, लेकिन भूविस्थापित परिवारों की स्थायी नौकरी की मांग अब भी अहम बनी हुई है। क्या प्रभावित ग्रामीणों को उनका हक मिल पाएगा? रोजगार देने की बात पर प्रशासन और संबंधित कंपनी कब तक अमल करेंगे? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में सामने आएंगे। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बैठक में बनी सहमति धरातल पर कब उतरती है।
अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट






