राष्ट्रीय संयोजक मानिकलाल नागर ने की नियुक्ति
रजत मल्होत्रा
चंदौसी, संभल (उ.प्र.) – जनपद संभल के लिए गौरव की खबर है। चंदौसी निवासी वरिष्ठ कर्मचारी नेता श्री अजय कुमार राजवर को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उनकी कर्मचारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने की क्षमता और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए बहुजन एम्प्लॉय फेडरेशन का प्रदेश प्रमुख महामंत्री नामित किया गया है।
यह नियुक्ति फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष/संयोजक श्री मानिक लाल नागर द्वारा की गई है। राष्ट्रीय कार्यालय से जारी नियुक्ति आदेश में कहा गया है कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
प्रदेश भर में संगठन को करेंगे मजबूत
नियुक्ति आदेश में राष्ट्रीय संयोजक मानिक लाल नागर ने कहा कि अजय कुमार राजवर अब पूरे उत्तर प्रदेश का भ्रमण कर प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों और सभी जिलों में जिलाध्यक्षों का गठन कर फेडरेशन को और अधिक गतिशील व मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। उन्हें कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और संगठन विस्तार की पूरी जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर
अजय कुमार राजवर के प्रदेश प्रमुख महामंत्री बनने की खबर आते ही चंदौसी और संभल सहित पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं और कर्मचारी संगठनों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और कर्मचारी नेताओं ने उन्हें फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि श्री राजवर के नेतृत्व में बहुजन एम्प्लॉय फेडरेशन उत्तर प्रदेश में कर्मचारियों की आवाज को और बुलंद करेगा।






