Home / Events / रामपुर का नाम किया चरितार्थ, विराजमान होंगे श्री राम, भूमिपूजन संपन्न !

रामपुर का नाम किया चरितार्थ, विराजमान होंगे श्री राम, भूमिपूजन संपन्न !

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

रामपुर में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का भूमिपूजन, रामनवमी पर होगा सात दिवसीय मेला, नाटक प्रतियोगिता में मिलेंगे 1.11 लाख रुपये !

कोरबा/करतला – जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम रामपुर में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। 17 अक्टूबर को श्रीराम जनकी मंदिर के भूमिपूजन के लिए आए अतिथियों का भव्य स्वागत कर्मा नृत्य के साथ किया गया। 8 कर्मा पार्टी ने गांव में घूमकर श्रीराम जानकी मन्दिर के भव्य शुभारंभ का जश्न मनाया।

मंदिर निर्माण के लिए निर्धारित भूमि का विधि-विधान से मुख्य अतिथि विकास महतो भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, ननकीराम कंवर पूर्व गृहमंत्री, मुख्यमंत्री के निज सचिव तुलसी कौशिक एवं अतिथियों के हाथों विधि विधान एवं मंत्रोच्चार से भूमिपूजन एवं शिलान्यास की प्रक्रिया किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संतों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में धार्मिक माहौल बना रहा।

अतिथियों का हुआ भव्य स्वागत, सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति !

इस दौरान अतिथियों का पुष्प गुच्छ से से स्वागत किया गया। वही स्वागत के लिए 5 टीम सुवा नृत्य करने वाले समूहों ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और कार्यक्रम में अतिथियों के हाथों पुरुस्कार भी प्राप्त किया। सुवा नृत्य के माध्यम से अतिथियों ने छत्तीसगढ़ के लोक संस्कृति और कला को देखा तथा कार्यक्रम को खूब सराहना मिली।

रामनवमी पर सात दिनों तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन !

कार्यक्रम के आयोजक विवेका नंदे ने बताया कि आगामी रामनवमी के अवसर पर ग्राम रामपुर में सात दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के दौरान सुबह से लेकर रात तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करना और लोगों को एक मंच पर जोड़ना है।

मेले का प्रमुख आकर्षण नाटक प्रतियोगिता होगी, जिसमें विभिन्न प्रतिभागी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

नाटक प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1 लाख 11 हजार रुपये !

कार्यक्रम के आयोजक विवेका नंदे महाराज ने बताया कि रामनवमी मेले के दौरान आयोजित होने वाली नाटक प्रतियोगिता के लिए आयोजकों ने पुरस्कार राशि भी निर्धारित की है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कारों की घोषणा की गई है।

  • प्रथम पुरस्कार: 1 लाख 11 हजार रुपये
  • द्वितीय पुरस्कार: 71 हजार रुपये
  • तृतीय पुरस्कार: 51 हजार रुपये
  • चतुर्थ पुरस्कार: 21 हजार रुपये

आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, धार्मिक आयोजन के साथ लोक संस्कृति और नाट्य परंपरा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जुटे जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक !

श्रीराम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विकास महतो, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, पूजनीय गुरुदेव श्री श्री 1008 दिगम्बर रामपुरी जी महाराज, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के निज सचिव तुलसी कौशिक, किसान मोर्चा के कोरबा जिला अध्यक्ष प्रेम चंद्र कौशिक, हिंदू परिषद कोरबा के अध्यक्ष सौरभ दुबे, महिला मोर्चा की कोरबा उपाध्यक्ष रेणुका राठिया तथा कोरबा की जिला महामंत्री कमला बरेठ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा कार्यक्रम के आयोजक विवेका नंदे, रामपुर के जनपद सदस्य सूरज नंदे और करतला मंडल अध्यक्ष रामकुमार गवेल भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अटल दीक्षित, नागेंद्र ठाकुर, रामशंकर राठौर, कमल राठिया, मनहरण श्रीवास, तोयम दुबे, रंभू तुलसी, धरमवीर राठिया, मोहन श्रीवास, अजमद, रहीम, वसीम खान और अजीम खान सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का मंच संचालन सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने किया।

हिंदू मुस्लिम एकता को बढ़ावा, मंदिर निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक उत्साह !

सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि इस श्रीराम मंदिर के लिए न केवल हिंदू समाज बल्कि गांव का मुस्लिम समाज भी सहयोग कर रहा है जिससे सर्वसमाज का हित होगा और हिन्दू मुस्लिम भाईचारा का अद्वितीय उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। जनपद सदस्य सूरज नंदे ने बताया कि यह मंदिर सार्वजनिक हित एवं सर्व समाज के लिए बनाया जा रहा है जिसे जन कल्याण में ग्रामवासियों को समर्पित कर रहे है।

ग्राम रामपुर में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की पहल को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भूमिपूजन के साथ ही मंदिर निर्माण की दिशा में औपचारिक शुरुआत हो गई है। अब ग्रामीणों को मंदिर निर्माण कार्य आगे बढ़ने का इंतजार है।

वहीं, आगामी रामनवमी पर प्रस्तावित सात दिवसीय मेले और आकर्षक पुरस्कार राशि वाली नाटक प्रतियोगिता को लेकर भी क्षेत्र में उत्सुकता है। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामुदायिक सहभागिता के संगम के रूप में यह आयोजन रामपुर को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now