लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । आगामी दुर्गा पूजा को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (LSBA) की ओर से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत जिले की सभी पंचायतों, दुर्गा पूजा पंडालों, मंदिर परिसरों, मेला स्थलों और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना है।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों को सक्रिय किया गया है। पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित झाड़ू लगाने, कचरा हटाने तथा साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर कचरे के उचित प्रबंधन की व्यवस्था भी की जा रही है।
गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर जोर
स्वच्छता अभियान के तहत पूजा पंडालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए हैं। पूजा समितियों के सहयोग से पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाने और नियमित रूप से कचरे का उठाव सुनिश्चित करने की पहल की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान गंदगी का जमाव न हो।
सिंगल यूज प्लास्टिक से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने पूजा समितियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है। पंडालों की सजावट और प्रसाद वितरण में पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने पर जोर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
डीडीसी ने स्वच्छता को बताया सच्ची सेवा और भक्ति
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने जिलावासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का पर्व हमें आंतरिक शुद्धि के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश भी देता है। स्वच्छता ही सच्ची सेवा और भक्ति है। उन्होंने लोगों से प्रशासन के साथ मिलकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ समस्तीपुर के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, पूजा समितियों और स्वयंसेवकों से त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा कचरे को निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की है। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दुर्गा पूजा के अवसर पर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।






