सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मेरठ के सरधना क्षेत्र स्थित कुशावली गांव के रहने वाले थे और मां शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद ज्योत लेकर पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर एक कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का समूह 7 अक्टूबर को मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए गया था। शनिवार सुबह करीब सात बजे देवबंद में हाईवे के फ्लाईओवर पर कुछ देर आराम करने के लिए वे रुके थे। बताया गया है कि श्रद्धालुओं ने सड़क पर रस्सी का घेरा बना रखा था। इसी बीच बर्तनों से लदे एक कैंटर ने पीछे से आकर उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की मदद के लिए आसपास के लोग जुट गए।
इस दुर्घटना में रमेश (40), सागर (34), अमन (23) और सतेंद्र की मौत हो गई। वहीं, 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने अपनी गाड़ियों, बाइकों और एंबुलेंस की मदद ली। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सीओ अमित कुमार सिंह के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने कैंटर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






