लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
डीडीसी ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, बोले- नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी
समस्तीपुर। जिला गंगा समिति, जिला प्रशासन समस्तीपुर एवं नगर निगम समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को बूढ़ी गंडक नदी के प्रसाद घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और 200 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने संयुक्त रूप से घाट परिसर की सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौतम कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे नीरजेश कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी विवेक कुमार, सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ. राहुल मनहर एवं उप नगर आयुक्त विभूति आनंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने सभी पदाधिकारियों का शॉल, पाग एवं पौधा देकर स्वागत व सम्मान किया। उन्होंने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वच्छता, नदी संरक्षण एवं जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि नदियों और जलाशयों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नदी संरक्षण के लिए आगे आने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों को संरक्षित करना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने आसपास किसी एक स्थान का चयन कर नियमित रूप से उसकी सफाई करने का आह्वान किया।
नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक आदत बनाना होगा। इसकी शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी चाहिए।
अभियान के दौरान नदियों में कूड़ा-कचरा एवं पूजन सामग्री प्रवाहित नहीं करने का संकल्प लिया गया। इसके लिए व्यापक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के अंत में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी एवं माय भारत के स्वयंसेवकों सहित 200 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।















